रांचीः भाजपा के प्रदेश महामंत्री और पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी ने बेरमो की गर्भवती महिला अनीता देवी हत्याकांड के मुख्य सरगना की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.
इसके साथ ही भाजपा ने पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपए मुआवजा देने, घटना में शामिल दोषी पुलिस अधिकारी एवं निष्पक्ष पोस्टमार्टम प्रक्रिया को खराब करने, उसमें बाधक बनने वाले मेडिकल कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
पार्टी कार्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार, स्थानीय डीसी, एसपी, स्थानीय कांग्रेस विधायक के इशारे पर मामले को मैनेज करने का हरसंभव प्रयास किया गया. भाजपा के बोकारो चक्का जाम करने के अल्टीमेटम के बाद दबाव में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है. लेकिन पुलिस कुछ नामजद लोगों की गिरफ्तारी दिखाकर अपना दामन बचाने का असफल प्रयास कर रही है.
सरकारी तंत्र पर सवाल
साथ ही भाजपा ने बोकारो के डीसी, एसपी, स्थानीय थानों की भूमिका की जांच की भी मांग की है. बाउरी ने कहा कि सरकारी तंत्र और संगठित गिरोह की जांच होनी चाहिए, जो कांग्रेस पार्टी और उनके विधायक के संरक्षण में राज्य सरकार की देख रेख में फल -फूल रहा है.
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि बीजेपी इस पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी ताकत के साथ खड़ी है. पार्टी के लोग एक जून को फिर पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने साफ कहा है कि इस लड़ाई को अंजाम तक लेकर जाएंगे और जरूरत पड़ी तो अनुसूचित जाति आयोग को भी लिखित रूप से सूचित किया जाएगा.
