झारखंड और बिहार में भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को राष्ट्रीय संगठक (वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क) नियुक्त किया गया है.
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उन्हें यह नई जिम्मेदारी दी है. यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगा. साथ ही नागेंद्र नाथ त्रिपाठी का केंद्र दिल्ली रहेगा.
राष्टीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरूण सिंह ने इस बाबत नियुक्ति पत्र जारी कर दिया है.
इस नियुक्ति से पहले तक वह बिहार और झारखंड राज्यों में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री के तौर पर अपना दायित्व संभाल रहे थे.
नागेंद्र नाथ के पास लंबा अनुभव
नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को एक गंभीर तथा कुशल संगठक के तौर पर देखा जाता है. सांगठनिक मामलों में काम करने का उनके पास लंबा अनुभव रहा है.
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से आने वाले नागेंद्र नाथ त्रिपाठी भारतीय जनता पार्टी के उन प्रमुख संगठनकर्ताओं में गिने जाते हैं, जिन्होंने लंबे समय तक पर्दे के पीछे रहकर संगठन को मजबूत करने का काम किया है.
भाजपा के बिहार-झारखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री का दायित्व संभालने से पहले वे करीब आठ वर्षों तक उत्तर प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री भी रह चुके हैं.
संघ में लंबे समय तक सक्रिय रहने के दौरान उन्होंने प्रचारक के रूप में काम किया और युवाओं के बीच वैचारिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत किया.
उनके राष्ट्रीय संगठक नियुक्त किए जाने पर झारखंड में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत के कई नेताओं ने बधाई और शुभकामनाएं दी है.
