रांचीः झारखंड की राजधानी रांची में बड़े पैमाने पर लोग ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं. इसे रोकने और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के क्रम में पुलिस ने जून महीने में रिकॉर्ड 1.24 लाख वाहनों के चालान काटे हैं. इस दौरान 9.5 करोड़ से अधिक का जुर्माना लगा गया है.
मई के मुकाबले रांची ट्रैफिक पुलिस की यह कार्रवाई दोगुनी है. बिना हेलमेट, नो पार्किंग और ओवरस्पीडिंग पर सबसे ज्यादा चालान काटा गया है. ड्रिंक एंड ड्राइव में भी 99 वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई है.
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने मीडिया को बताया कि नो पार्किंग का सबसे अधिक 50500, बिना हेलमेट 58743, पीछे सवारी के बिना हेलमेट 547, ओवर स्पीडिंग 2118, रेडलाइट जंप में 4612 चालान काटे गए हैं.
उन्होंने बताया है कि 765 लोगों का ड्राइविंग लाइसेंस ट्रैफिक नियम के उल्लंघन के कारण सस्पेंड किया गया है. इसके अलावा अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के लिए भी चालान काटा गया है.
पुलिस अधिकारी ने संकेत दिए हैं कि ज्यादा चालान लंबित होने पर वाहन के दस्तावेजों के नवीनीकरण समेत अन्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. इसके साथ ही लोगों से अपील की है कि याचात नियमों का पालन करें.
