रामगढ़ः झारखंड के रामगढ़ जिले के मांडू थाना अंतर्गत पेसरा कंडी गांव में जमीन विवाद को लेकर बालेश्वर पटेल की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या के मामले में गांव के ही सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें चार महिलाएं शामिल हैं.
रामगढ़ के एसपी एसपी मुकेश लुनायत ने बताया है कि घटना की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के दिए गए निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
जिन सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनमें संतोष कुमार साव उर्फ पम्पम, रामू साव उर्फ ज्ञानी, शकुन्तला देवी, रूबी कुमारी, विनय कुमार, पूजा कुमारी और लक्ष्मी देवी उर्फ डोली कुमारी शामिल हैं.
एसपी ने बताया है कि कांड की तहकीकात जारी है.
गिरिडीह में सब-रिजस्ट्रार
बालेस्वर पटले गिरिडीह जिले में सब-रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत थे. मंगलवार को पेसरा कंडी में अपनी खरीदी 11 डिसमील जमीन पर एक दिन पहले लगाए गए सबमर्सिबल पंप को देखने गए थे. इसी दौरान लोगों ने उन पर लाठी- डंडे और ईंट- पत्थर से हमला कर दिया गया. वे बुरी तरह घायल हो गए थे. इलाज के लिए उन्हें रामगढ़ के होप अस्पताल लाया गया , जहां उनकी मौत हो गई.
इस घटना के बाद पटेल की पत्नी रीना कुमारी ने दस लोगों को आरोपी बनाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस अन्य आरोपियों को पकड़ने में लगी है.
