धनबाद: धनबाद से बीजेपी के सांसद ढुलू महतो और निरसा से माले विधायक विधायक अरूप चटर्जी को बीच जारी जुबानी जंग और आरोप- प्रत्यारोप के बीच सांसद ने विधायक को दो करोड़ का मानहानि नोटिस भेजा है.
अपने अधिवक्ता के माध्यम से बेजे इस मानहानि नोटिस में आरोप लगाया गया है कि विधायक द्वारा हाल में आयोजित प्रेस वार्ता और उसके बाद विभिन्न प्रिंट, डिजिटल एवं सोशल मीडिया मंचों पर सांसद और उनके परिवार के खिलाफ झूठे, निराधार तथा प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाले बयान दिए गए.
आरोपों के प्रसारण से पहुंचा नुकसान
नोटिस के अनुसार इन आरोपों का व्यापक स्तर पर प्रसारण और प्रकाशन हुआ, जिससे सांसद की सामाजिक, राजनीतिक और सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचा है.
सांसद का पक्ष है कि लगाए गए आरोप तथ्यों और साक्ष्यों पर आधारित नहीं हैं तथा उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने के उद्देश्य से लगाए गए.
सात दिनों का समय
कानूनी नोटिस में कहा गया है कि इन बयानों के कारण सांसद और उनके परिवार को मानसिक पीड़ा, सामाजिक असहजता और मानहानि का सामना करना पड़ा.
नोटिस में विधायक अरूप चटर्जी से सात दिनों के भीतर बिना शर्त सार्वजनिक लिखित माफी मांगने, सभी आरोप वापस लेने और सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से संबंधित वीडियो, पोस्ट व अन्य सामग्री हटाने की मांग की गई है.
इसके अलावा भविष्य में इस तरह के किसी भी कथित झूठे या मानहानिकारक बयान से परहेज करने तथा प्रतिष्ठा को हुई कथित क्षति के एवज में ₹2 करोड़ की क्षतिपूर्ति देने की भी मांग नोटिस में की गई है.
निर्धारित समय के अंदर नोटिस का पालन नहीं करने पर सक्षम न्यायालय में कानूनी कार्रवाई करने के विकल्प अपनाए जा सकते हैं.
