खूंटी। खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव स्थित तजना नदी पुल के नीचे मिले एक महिला और एक युवक के से जुड़े मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. नेहा कुमारी और पड़ोस के एक युवक अरूण कुमार राणा की हत्या के आरोप में नेहा के पति समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
नेहा के पति कुंदन प्रमाणिक ने पत्नी के साथ विवाद में अपने साथियों के साथ मिलकर यह खूनी खेल खेला था. इसके बाद बुंडू स्थित अपनी बहन- बहनोई के यहां छिपा था. पुलिस ने जिन छह लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें कुंदन की बहन-बहनोई भी शामिल हैं.
क्या बताया है एसपी ने
एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रेस को बताया है कि 10 जुलाई को तजना नदी पुल के नीचे से बरामद शवों की पहचान लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के बड़गाईं गांव निवासी नेहा कुमारी और अरुण कुमार राणा के रूप में हुई थी.
मामले में खूंटी थाना कांड संख्या 96/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया.
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, लोहे की रॉड, दोनों मृतकों एवं आरोपितों के मोबाइल फोन सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं.
पूछताछ के दौरान
जांच के दौरान पुलिस ने गुमला जिले के डुड़िया गांव निवासी महिला के पति कुंदन प्रमाणिक उर्फ संजीत (36) को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य सहयोगियों के नाम बताए. इसके आधार पर पुलिस ने जितेंद्र सिंह उर्फ जायरा, रितेश चीक बड़ाईक, मदन ठाकुर उर्फ मदन प्रमाणिक, कुंदन की बहन सती देवी तथा बहनोई विजय रंजन शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
एसपी के अनुसार, घटना के बाद मुख्य आरोपित अपनी बहन के घर बुंडू भाग गया था, जहां उसे शरण देने के साथ साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया। आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त काले रंग की स्कॉर्पियो (जेएच-15एए-5556), मृतक की मोटरसाइकिल, लोहे की रॉड, दोनों मृतकों एवं आरोपितों के मोबाइल फोन, चप्पल तथा जलाए गए कपड़ों की राख बरामद की गई है.
विवाद का बदला
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका का अपने पति से लंबे समय से विवाद चल रहा था। नौ जुलाई को वह अपने पड़ोसी अरुण कुमार राणा के साथ अपने पांच वर्षीय पुत्र को लाने ससुराल डुड़िया गांव गई थी.
वहां विवाद के बाद पिता ने अपने सहयोगियों के साथ दोनों का अगवा कर खूंटी के घाघरा स्थित तजना नदी पुल के पास ले जाकर हत्या कर दी और शव पुल के नीचे फेंक दिए.
एसपी ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और अनुसंधान में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
