रांचीः राजधानी रांची में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुलाई महीने में ट्रैफिक पुलिस ने अपने अभियान के तहत 1.20 लाख वाहनों का चालान काटा है. चालान के जुर्माने की राशि लगभग आठ करोड़ रुपये है. .
ट्रैफिक पुलिस के द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार एक से 31 जुलाई तक शहर के सभी ट्रैफिक थाना क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान दोपहिया, चारपहिया, ऑटो और टोटो समेत सभी प्रकार के वाहनों की सघन जांच की गई.
इस अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 1,20,197 चालान काटे गए, जबकि 1015 मामलों में अभियोजन (प्रोसिक्यूशन) के लिए न्यायालय भेजा गया. ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इन चालानों के माध्यम से करीब 7 करोड़ 80 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया.
बिना हेलमेट और नो-पार्किंग
राजधानी में सबसे अधिक लोग हेलमेट और पार्किंग नियमों की अनदेखी करते पाए गए. जुलाई महीने में बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 51,055 चालान और नो पार्किंग/सड़क पर वाहन खड़ा करने पर: 56,032 चालान कटे हैं.
जबकि
रेड लाइट जंप 4,471, ओवरस्पीड के 2,367, नो एंट्री का उल्लंघन 1,547, अतिरिक्त सवारी के 710 गलत दिशा में वाहन चलाने के 648, बिना ड्राइविंग लाइसेंस में 505, बिना यूनिफॉर्म (व्यावसायिक वाहन चालक) में 393, बिना सीट बेल्ट में 237, फैंसी नंबर प्लेट के 217 और बिना बीमा के 180 चालान काटे गए हैं.
984 ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा
ट्रैफिक पुलिस की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार जुलाई महीने में 984 लापरवाह चालकों के ड्राइवर लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा की गई है.
