झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित झारखंड स्नातक योग्यता धारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 में कथित अनियमितता के संबंध में दर्ज सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 में एसआईटी ने गिरिडीह के बेंगाबाद से समीर कुमार को गिरफ्तार किया है.
इससे पहले सीजीएल परीक्षा 2023 में हुई गड़बड़ी को लेकर जारी जांच के दौरान सीआईडी ने 29 अगस्त को चार सफल अभ्यर्थी दीपक कुमार, उमेश कुमार राय, विजय कुमार तिवारी व आनंद कुमार सिंह को बोकारो तथा धनबाद से गिरफ्तार किया था. इन चारों को जेल भेजा गया है.
इसके अलावा जेपीएससी-जेएसएसी नियुक्ति गड़बड़ी का मास्टरमांइ़ड अक्षय तिवारी और उसकी पत्नी सुषमा कुमारी को गिरफ्तार किया था.
इस बीच झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की सीजीएल परीक्षा संचालन में शामिल एजेंसी आईसीएन को लेकर भी सीआईडी की एसआईटी को कई अहम जानकारियां मिलीं हैं.
आईसीएन एजेंसी पहले से ही केंद्रीय एजेंसियों व राज्य बोर्ड के माध्यम से ब्लैकलिस्ट थी. अब सीआईडी यह पता लगा रही है कि जब एजेंसी ब्लैकलिस्ट थी तब उसे जेएसएससी सीजीएल परीक्षा के संचालन का काम कैसे मिला.
लगातार तीसरे दिन पूछताछ
सीआईडी ने रिमांड पर लिए गए आईसीएन के दो कर्मियों सोमांश प्रकाश व राहुल कुमार से तीसरे दिन भी पूछताछ में इस बारे में सवाल किया है.
दिल्ली से गिरफ्तार दोनों आरोपी सीआईडी की पांच दिनों की रिमांड पर हैं. मूल तौर पर दोनों बिहार के रहने वाले हैं.
