रांचीः हेमंत सोरेन सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का शनिवार देर रात गिरिडीह मे निधन हो गया है. वे गिरिडीह से जेएमएम के विधायक थे. सरकार में उच्च शिक्षा तकनीक मंत्री के साथ पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. सुदिव्य कुमार सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता के साथ कुशल संगठक और रणनीतिकार भी थे. दिशोम गुरुजी शिबू सोरेन ने ही सुदिव्य को पार्टी में लाया था. उन्हें गुरुजी का विश्वासी और प्रिय माना जाता था.
सुदिव्य भी शिबू सोरेन को दिल से मानते थे और लिहाज को सर्वोपरि रखते थे.
पिछले महीने चार अगस्त को शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर उन्होंने एक्स पर गुरुजी के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए भावुक संदेश लिखा था.- “आज हमारे बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी को हमारे बीच से गए पूरा एक वर्ष हो गया. यह एक ऐसा वर्ष रहा, जिसमें हर दिन उनकी कमी गहराई से महसूस हुई. कई ऐसे क्षण आए जब मन ने सहज ही चाहा कि काश बाबा आज हमारे बीच होते, उनका मार्गदर्शन मिलता, उनकी सादगी भरी बातें सुनने को मिलतीं और उनके अनुभवों से फिर कुछ सीखने का अवसर मिलता। बाबा केवल एक नेता नहीं थे, वे एक विचार थे, एक आंदोलन थे, एक ऐसी शक्ति थे जिन्होंने झारखंड की अस्मिता, जल-जंगल-जमीन, आदिवासी समाज, गरीबों, मजदूरों, किसानों और वंचितों के अधिकारों के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया.. बाबा के साथ बिताए हुए अनगिनत पल आज भी स्मृतियों में वैसे ही जीवित हैं.”
उन्होंने यादों में कहा, “पिछले एक वर्ष में हमने हर दिन, हर पल, उसी झारखंड के निर्माण के लिए काम करने का प्रयास किया है जिसका सपना बाबा ने देखा था…हमें विश्वास है कि बाबा जहाँ भी हैं, वे हम सबको देख रहे हैं, हमारा मार्गदर्शन कर रहे हैं और अपने आशीर्वाद से हमें शक्ति दे रहे हैं कि हम उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के अपने संकल्प पर अडिग रहें.. बाबा आज शारीरिक रूप आज हमारे बीच नहीं है, लेकिन उनके विचार, उनके आदर्श और उनके संघर्ष की विरासत झारखंड की मिट्टी में हमेशा जीवित रहेगी..आज उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर मैं बाबा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ और यह विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि बाबा का सपना अधूरा नहीं रहेगा।। जोहार बाबा। वीर दिशोम गुरु शिबू सोरेन अमर रहे.”
