बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने जमुई में छात्रा के यौन उत्पीड़न के मामले में कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा सम्राट चौधरी की सरकार को घेरा है.
उन्होंने कहा है कि इस घटना से पूरे देश में राज्य की बदनामी हो रही है.
उन्होंने कहा, ”यह एक शर्मनाक घटना है और सरकार को पूरे देश में शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है. देखिए, सरकार में बैठे लोग किस तरह इसका बचाव करने की कोशिश कर रहे हैं.भगवान न करे, अगर उनके अपने परिवार की कोई महिला इसमें शामिल होती, तो क्या वह तब भी यही बयान देते?”
उन्होंने कहा,”वह लड़की बिहार की बेटी है. वह हम सभी की बहन या बेटी जैसी है.एसपी ने कहा है कि इस मामले में सात से आठ लोग शामिल हैं. तो उन सभी को फांसी पर लटका दीजिए, उन्हें फांसी की सजा दीजिए. इसके बजाय आप हमें नैतिकता का पाठ पढ़ा रहे हैं?”
उन्होंने कहा, ”कुछ ही दिन पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दावा किया था कि पटना से मुंगेर तक बेखौफ़ यात्रा की जा सकती है और अगर किसी ने किसी महिला को छूने की भी हिम्मत की, तो वह इस्तीफा दे देंगे. अगर उनमें हिम्मत है और वह अपनी बात के पक्के हैं, तो इस्तीफ़ा दें.”
