रांचीः जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) ने प्रोफेसर और मणिपुर से कांग्रेस लोकसभा सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजाम पर कथित यौन उत्पीड़न के आरोप को लेकर झारखंड प्रदेश महिला भाजपा की कार्यकर्ताओं ने रांची स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया.
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों महिला कार्यकर्ता जिला स्कूल मैदान, शहीद चौक से हाथों में तख्तियां एवं पार्टी के झंडे लेकर जुलूस के रूप में निकलीं.
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “कांग्रेस चुप्पी तोड़ो, जेएनयू की घटना पर जवाब दो” और “राहुल गांधी शर्म करो” जैसे नारे लगाते हुए कांग्रेस नेतृत्व से जवाबदेही की मांग की.
राहुल गांधी से जवाब मांगा
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि राहुल गांधी देशभर में पितृसत्तात्मक व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाते हैं और प्रियंका गांधी का नारा है— “लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ!” लेकिन सवाल यह है कि जब महिलाओं के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला सामने आता है, तो कांग्रेस नेतृत्व की आवाज धीमी क्यों पड़ जाती है?
मौके पर रांची विधायक सीपी सिंह ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी महिलाओं के अधिकारों और समानता की बात करते हैं, ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व को इस मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए.

धरने पर बैठ गईं
इससे पहले कांग्रेस भवन पहुंचने पर प्रदर्शनकारी महिला कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. बैरिकेडिंग पार करने के प्रयास के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ उनकी नोक-झोंक भी हुई. इसके बाद महिला कार्यकर्ता धरने पर बैठ गईं और घंटों नारेबाजी करते हुए कांग्रेस पार्टी एवं राहुल गांधी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया.
इस घेराव सह विरोध प्रदर्शन में भाजपा ,महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह, पायल सोनी, अनीता वर्मा, कुमुद झा, निशि जयसवाल,रंजिता सिंह समेत भाजपा की कई महिला कार्यकर्ता शामिल थीं.
गौरतलब है कि बिमोल अकोइजाम के खिलाफ यूनिवर्सिटी ने छात्राओं के यौन उत्पीड़न का दोषी पाया है. इसके साथ ही उनकी बर्खास्तगी तत्काल प्रभाव से लागू की गई है. यह कार्रवाई यूनिवर्सिटी की इंटरनल कमेटी (IC) की जांच के निष्कर्षों के आधार पर की गई.
