खूंटीः आरसी मध्य विद्यालय, खूंटी के प्राचार्य फादर बेनेदिक्त बारला पर मंगलवार की रात हुए जानलेवा हमले के विरोध में बुधवार को मसीही और आदिवासी समुदाय में उबाल देखने को मिल रहा है. बुधवार को शहर में भारी आक्रोश देखने को मिला.
घटना के विरोध में मसीही समुदाय और आदिवासी समाज के लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया. आक्रोशित लोगों ने भगत सिंह चौक पर करीब छह घंटे तक सड़क जाम रखा. फादर को बेहतर इलाज के लिए रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जसड़क जाम के दौरान बाजार टांड़ के पास भी सड़क अवरुद्ध कर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से हमले में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की. जाम के कारण खूंटी- चाईबासा तथा खूंटी- सिमडेगा तथा खूंटी-तमाड़ मार्ग पर वाहनों की लंबे कतारें लग गयीं.
शहर की कई दुकानें बंद रहीं. प्रदर्शन के दौरान महिलाएं भी सड़क पर बैठकर विरोध जताती रहीं. गुस्साये लोग स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे.
डीसी-एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े
जाम हटाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की. दोपहर करीब तीन बजे कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम और एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा मौके पर पहुंचे.
उन्होंने लोगों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर कायम रहे. इसके बाद दोपहर 3:15 बजे एसडीएम भी जाम स्थल पर पहुंचे. उन्होंने भी आंदोलनकारियों से यातायात बहाल करने की अपील की. हालांकि, प्रदर्शनकारी जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे.
कार्रवाई का भरोसा
लगातार बढ़ते दबाव के बीच शाम 4:35 बजे उपायुक्त मो. जावेद हुसैन और पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग जाम स्थल पर पहुंचे. प्रदर्शनकारियों ने दोनों अधिकारियों को मांग पत्र सौंपकर फादर बेनेदिक्त बारला पर हुए हमले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की. उपायुक्त ने बताया कि अस्पताल में भर्ती फादर की स्थिति स्थिर है.
उन्होंने कहा कि प्रशासन मामले को गंभीरता से ले रहा है और प्राप्त मांगपत्र के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. ए
सपी ऋषभ गर्ग ने लोगों से सड़क जाम समाप्त कर पुलिस को जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पर्याप्त समय देने की अपील की. उन्होंने कहा कि पुलिस को सड़क जाम हटाने में व्यस्त रखने से अपराधियों तक पहुंचने में देरी हो सकती है. पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है और इसके लिए सहयोग जरूरी है.
डीसी और एसपी की ओर से कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने शाम 5:30 बजे सड़क जाम समाप्त करने की घोषणा की.
