रांचीः भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार की देर शाम रांची पहुंचे. वे 24-25 अक्टूबर को रांची में झारखंड भाजपा कार्यसमिति की बैठक में भाग लेंगे. राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद झारखंड में उनका दूसरा दौरा है.
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पार्टी नेताओं और भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिए भाजपा के झारखंड प्रभारी गजेंद्र पटेल भी रांची आए हैं. नवनियुक्त संगठन महामंत्री पवन साय भी रांची में मौजूद हैं.
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में संगठन महामंत्री, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू समेत कई सांसद, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एयरपोर्ट पर पहुंचे थे.
इससे पहले रांची स्थित पार्टी कार्यालय में दिन में तैयारियों की समीक्षा की गई. साथ ही बैठक को प्रभावी बनाने के लिए और तैयारियों के मद्देजनर नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है.
प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने कहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आने से पदाधिकारी और कार्यकर्ता उत्साह से लबरेज हैं. झारखंड में बीजेपी के लिए कार्यसमिति की होने वाली बैठक एक अवसर भी है, जब राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन से प्रदेश के पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने जैसे विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त होगा. इस बैठक में संगठन के कार्यों की समीक्षा तो होगी ही, साथ ही आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों का पूरा खाका तैयार किया जाएगा.
