कोडरमाः नाबालिग आदिवासी युवती के कथित यौन शोषण मामले में गिरफ्तार पूर्व सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार के एक सहयोगी राज आर्यन उर्फ छोटू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
रविवार को पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राज आर्यन तत्कालीन सिविल सर्जन का काफी करीबी था और उनके कथित अनैतिक कार्यों में सहयोग करता था.
पुलिस को जांच के दौरान पता चला है कि सिविल सर्जन के बुलाने पर वह पीड़िता को कोचिंग से अपनी गाड़ी में बैठाकर उनके नर्सिंग होम तक ले जाता था। वह डॉ अनिल कुमार के निजी चालक के तौर पर भी काम करता था.
सिविल सर्जन पहले गिरफ्तार
गौरतलब है कि 11 अक्टूबर को झारखंड में कोडरमा जिले के सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार को एक आदिवासी नाबालिग लड़की के साथ यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया गया था..
पीड़िता हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली है. इलाज के सिलसिले में पीड़िता सिविल सर्जन के संपर्क में आई थी. आरोप है कि इसी दौरान उसे झांसे में लेकर यौन शोषण किया गया.
सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार का कोडरमा में निजी क्लिनिक भी संचालित है. बताया जाता है कि अपनी सेवा काल के दौरान लंबे समय तक वे कोडरमा व इसके आसपास के क्षेत्र में ही पदस्थापित रहे हैं.
