रांचीः चक्रवाती तूफान अर्नब के तेजी से पूर्वी तटीय राज्यों में बढ़ने और झारखंड में इसके प्रभावी होने के अलर्ट के बीच रांची जिला प्रशासन ने 28 और 29 अक्टूबर को जिले में सभी स्कूलों को बंद रखने की घोषणा की है. इस घोषणा के तहत सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में केजी से 12वीं की कक्षाएं स्थगित रहेंगी.
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के आदेश के अनुसार यदि किसी निजी स्कूल में पहले से परीक्षा निर्धारित है, तो स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर परीक्षा कराने या नहीं कराने का निर्णय ले सकेगा. हालांकि, इसकी सूचना जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय को देना अनिवार्य होगा.
इन दो दिनों में विद्यार्थियों के लिए कक्षाएं स्थगित रहेंगी, लेकिन स्कूलों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को 28 और 29 अक्टूबर को विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा. इसके अलावा, सभी सरकारी और गैर-सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज की जाएगी.
गौरतलब है कि मौसम विभाग ने झारखंड के विभिन्न जिलों में 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है. वहीं, रांची में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है. रांची समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. लिहाजा जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से मौसम विभाग की चेतावनी पर ध्यान देने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है. साथ ही प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.
