चक्रवाती तूफान अकवान का असर रांची में दो दिनों से देखा जा रहा है. शनिवार को मौसम के और बिगड़ने से कुहासे से धुंध बना रहा. रूक-रूककर हल्की बारिश होती रही. इसका सीधा असर हवाई यात्रा पर पड़ा. दोपहर बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी अपनी छह जोड़ी (कुल 12) उड़ानें रद्द करने की घोषणा कर दी.
इससे पहले सुबह में खराब मौसम के कारण ही 10 शहरों के लिए निर्धारित 14 अन्य विमान रद्द किए जा चुके थे. इस तरह दिन भर में कुल 20 उड़ानें रद्द होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
ताजा अपडेट के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की रद्द उड़ानों में सबसे अधिक तीन जोड़ी फ्लाइट रांची-बेंगलुरु रूट की हैं. इनमें बेंगलुरु-रांची-बेंगलुरु सेक्टर की उड़ान संख्या IX-2464/2465, IX-2053/2176 और IX-1016/1530 को रद्द कर दिया गया है.
इसके अलावा दिल्ली-रांची-दिल्ली मार्ग की दो जोड़ी फ्लाइट (संख्या IX-2764/1097 और IX-1068/1069) तथा मुंबई-रांची-मुंबई सेक्टर की एक जोड़ी उड़ान (संख्या IX-1237/1238) का परिचालन भी नहीं हो सका.
री-बुकिंग के लिए भटकते रहे यात्री
सुबह से ही दिल्ली की चार, कोलकाता की दो और हैदराबाद, पटना, मुंबई, भुवनेश्वर, चेन्नई, अहमदाबाद, पुणे व बेंगलुरु की एक-एक फ्लाइट रद्द होने से यात्री परेशान थे.
अब एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें भी रद्द होने से एयरपोर्ट टर्मिनल पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई. कई यात्रियों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी, तो कई लोग अगली उपलब्ध उड़ानों में टिकट री-बुक कराने के लिए काउंटरों पर भटकते नजर आए.
