खूंटीः खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र के बिश्रामपुर और तुरीगड़ा गांव के बीच शनिवार शाम दो बाइक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई. इस टक्कर में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है.
हादसे में पहले तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी. वहीं, गंभीर रूप से घायल चौथे युवक ने अस्पताल से रांची ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया.
बताया जाता है कि एक बाइक पर दो और दूसरी बाइक पर तीन युवक सवार थे। दोनों बाइक की रफ्तार काफी तेज थी.
मृतकों की पहचान उड़ीकेल गांव निवासी प्रेमांशु कोंगाड़ी, जीदन कोंगाड़ी और विश्वा सिंह उर्फ छोटू सिंह तथा बनाबीरा नवाटोली निवासी हेमंत बहादुर के रूप में हुई है. वहीं, हादसे में घायल मसीह प्रकाश कोंगाड़ी उड़ीकेल गांव का रहने वाला है.
चौथे मृतक की पहचान विश्वा सिंह उर्फ छोटू सिंह के रूप में हुई है. उसे बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया जा रहा था. रास्ते में उसने दम तोड़ दिया.
जानकारी के अनुसार, शनिवार को लोहागड़ा बाजार में डायर जतरा का आयोजन किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे. बताया गया कि युवक जतरा से लौट रहे थे. इसी दौरान शाम करीब छह से सवा छह बजे के बीच बिश्रामपुर और तुरीगड़ा गांव के बीच सामने से आ रही बाइक के साथ आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे की सूचना मिलते ही विधायक प्रतिनिधि सुरेश कोंगाड़ी ने पुलिस को जानकारी दी और अपने कार्यकर्ताओं के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया.
