सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस विभु बखरू को झारखंड हाईकोर्ट का अगला चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश की है.
झारखंड में यह नियुक्ति मौजूदा मुख्य न्यायाधीश के 27.11.2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद प्रभावी होगी. यानी 27 नवंबर को वर्तमान चीफ जस्टिस के रिटायर होते ही जस्टिस बखरू झारखंड हाईकोर्ट की कमान संभालेंगे.
कॉलेजियम की 24 नवंबर 2026 को हुई बैठक में दो चीफ जस्टिस के तबादले की सिफारिश की गई है.
वहीं, त्रिपुरा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एम.एस. रामचंद्र राव को कर्नाटक हाईकोर्ट भेजने की सिफारिश की गई है. अब इस सिफारिश को केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा. राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद तबादले का औपचारिक नोटिफिकेशन जारी होगा.
कौन हैं विभु बखरू
जस्टिस विभु बखरु 28 जुलाई 2011 को दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता नामित किए गए थे. उन्होंने सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाई कोर्ट, कंपनी लॉ बोर्ड समेत कई न्यायाधिकरणों में वकालत की.
27 जुलाई 2011 को दिल्ली हाई कोर्ट में अतिरिक्त न्यायधीश नियुक्त किया गया. इसके बाद वह 18 मार्च 2015 को स्थायी न्यायधीश बने.
जस्टिस विभु बखरू अभी कर्नाटक उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यरत हैं.
हाल ही में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया को पत्र लिखकर झारखंड में नये मुख्य न्यायाधीश की तत्काल नियुक्ति की मांग की थी.
