महाराष्ट्र के नागपुर शहर में हुई हिंसा के आरोपियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने 18 विशेष टीम गठित की हैं.
अधिकारियों के हवाले से समाचार एजेंसी भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक हुई हिंसा के सिलसिले में अब तक 69 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है. बृहस्पतिवार को तीसरे दिन भी शहर के कई इलाकों में कर्फ्यू जारी है.
नागपुर हिंसा के सिलसिले में अब तक गिरफ्तार किए गए 69 लोगों में ‘माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी’ (एमडीपी) के नेता फहीम खान भी शामिल हैं.
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने 200 आरोपियों की पहचान कर ली है और सीसीटीवी फुटेज से अन्य संदिग्धों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से हिंसा में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं.
नागपुर के पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र कुमार सिंघल ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि गठित विशेष टीम में गणेशपेठ, कोतवाली और तहसील पुलिस थानों के साथ-साथ अपराध शाखा के कर्मी शामिल हैं.
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि संदिग्धों की पहचान करने के लिए टीम साइबर प्रकोष्ठ के साथ मिलकर काम कर रही हैं.
अधिकारियों ने पहले कहा था कि खान ने सोमवार को नागपुर पुलिस थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन का कथित तौर पर नेतृत्व किया था.
यह पूछे जाने पर कि क्या खान हिंसा का मुख्य साजिशकर्ता है? सिंघल ने बुधवार को कहा कि हमलावरों की पहचान करने और प्राथमिकी में नामजद लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है.
