रांची. शराब घोटाले की जांच कर रही झारखंड सरकार की जांच एजेंसी-एंटी करप्शन ब्यूरो ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई के तहत उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के पूर्व आयुक्त और आईएएस अधिकारी रहे अमित प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है.
एसीबी ने उन्हें मंगलवार की देर शाम एसीबी की विशेष अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
अमित प्रकाश आयुक्त उत्पाद के साथ झारखंड राज्य वीबरेजेज कारपोरेशन लिमिटेड (जेएसबीसीएल) के पूर्व महाप्रबंधक भी थे. अमित प्रकाश 31 दिसंबर 2024 को सेवानिवृत्त हुए थे.
इससे पहले शराब घोटाले में एसीबी ने राज्य के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और पूर्व उत्पाद सचिव में विनय कुमार चौबे समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. जांच का दायरा बढ़ाते हुए एसीबी ने मंगलवार को अमित प्रकाश को पूछताछ के लिए बुलाया था. पूछताछ के बाद शाम में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
इसी घटोला में जांच एजेंसी ने उत्पाद विभाग के संयुक्त आयुक्त उत्पाद गजेंद्र सिंह, राज्य वीबरेजेज कारपोरेशन लिमिटेड पूर्व महाप्रबंधक वित्त सुधीर कुमार दास और पूर्व महाप्रबंधक वित्त सह अभियान सुधीर कुमार के अलावा प्लेसमेंट एजेंसी मार्शन के स्थानीय प्रतिनिधि नीरज कुमार सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा है.
गौरतलब है कि मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग, झारखण्ड रांची से अनुमोदन के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रांची कांड सं0-09/25, दिनांक-20.05.25 को दर्ज किया गया है.
38 करोड़ से जुड़े घोटाले में एसीबी की कार्रवाई जारी है. विनय चौबे की पत्नी समेत कुछ रिश्तेदार की संपत्ति भी जांच की जद में है.
