पश्चिम बंगाल में चुनावी बड़ी हार के बाद ममता बनर्जी को एक और बड़ा झटका लगा है.
खबरों के मुताबिर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के 20 सांसदों ने अलग गुट बनाने का दावा किया है. बागी सांसदों ने एनडीए को समर्थन देने का ऐलान भी कर दिया है.
एनडी टीवी के मुताबिक टीएमसी की बागी सांसद डॉ. शर्मिला सरकार ने बताया कि है 20 सांसद अलग गुट बनाने और एनडीए को सपोर्ट देने जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि नए गुट की चीफ व्हिप काकोली घोष होंगी, जबकि शताब्दी घोष डिप्टी लीडर होंगी.
बागी सांसद अब खुद को ही ‘असली टीएमसी’ भी बता रहे हैं. बताया जा रहा है कि संसद में बागी गुट की नेता काकोली घोष दस्तीदार होंगी.
इससे पहले टीएमसी के 58 विधायकों ने पार्टी से बगावत कर विधानसभा में अलग गुट बनाया है.
राज्यसभा से सुखेंदु शेखर का इस्तीफा
तेजी से बदले राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच तृणमूल कांग्रेस के सुखेंदु शेखर रे ने अपनी राज्यसभा की सदस्यता और पार्टी की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया है.
सुखेंदु शेखर रे ने कहा कि उन्होंने ‘जनता के फ़ैसले का सम्मान करते हुए’ राज्यसभा की सदस्यता और टीएमसी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफ़ा दिया है.
उन्होंने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के 15 सालों के शासन को ‘अराजक’ कहा है.
सुखेंदु शेखर रे की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ में कहा गया, “हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में राज्य के इतिहास में पहली बार जनता ने भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में भारी जनादेश दिया, जिससे कि व्यापक और बेलगाम भ्रष्टाचार, महिलाओं के ख़िलाफ़ अत्याचार, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, क़ानून-व्यवस्था और रोज़गार जैसे क्षेत्रों में गंभीर विफलताओं से पैदा हुए तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के अराजक शासन का अंत किया जा सके.”
