रांचीः आदिवासी नेता निशा भगत की मौत मामले में सीबीआई ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली है. इसके साथ ही सीबीआई की टीम ने अजय तिर्की के रांची स्थित पहाडी टोला आवास पर ज्योत्सना केरकेट्टा के नगड़ाटोली घर पर दबिश दी. सीबीआई की टीम ने ढाई घंटे से अधिक समय तक दोनों के घरों में पूछताछ के साथ इलेक्ट्रानिक्स उपकरण और दस्तावेज खंगाले.
इसके अलावा सीबीआई की एक टीम निशा भगत के डहूटोली स्थित उस घर पर भी गई, जहां पर उसने आत्महत्या की थी. यह टीम वहां क्राइम सीन क्रियेट कर रही है.
इससे पहले सोमवार को ही दिल्ली सीबीआई ने निशा भगत आत्महत्या मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. इसमें अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. इसके अलावा इस मामले में अन्य अज्ञात लोगों को भी अभियुक्त बनाया गया है.
निशा भगत आत्महत्या मामले में दिल्ली सीबीआई की विशेष अपराध शाखा-1 में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. निशा भगत ने छह नवंबर को कथित तौर पर आत्महत्या की थी. इस घटना के सिलसिले में उसके पिता हंदू भगत की शिकायत पर पिठौरिया थाने में प्राथमिकी (114/2026) दर्ज की गयी है. सीबीआई दिल्ली की विशेष अपराध शाखा ने मामले की जांच के लिए पिठौरिया थाने में दर्ज प्राथमिकी को ही रजिस्टर किया है.

फेसबुक पर लाइव आकर की थी आत्महत्या
गौरतलब है कि 6 नवंबर को पिठौरिया थाना क्षेत्र स्थित डहू टोली में अपने आवास पर निशा भगत ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. इससे पहले वह फेसबुक लाइव पर आई थीं. लाइव में रोते हुए निशा ने अपनी परेशानी साझा की थीं. लाइव वीडियो में उन्होंने जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों पर कथित तौर पर प्रताड़ना और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे.
आत्महत्या से पहले उन्होंने पिठौरिया थाना प्रभारी को भी फोन लगाया था और परिस्थितियों की जानकारी दी थी. हालांकि थाना प्रभारी ने उन्हें थाना बुलाने की बात कहकर फोन काट दिया था. लाइव वीडियो में निशा भगत ने अजय तिर्की का भी नाम लिया था. और कई आरोप लगाये थे.
निशा भगत की मौत के मामले में उनके पिता हंदू भगत ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने पिठौरिया थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की, आदिवासी नेत्री ज्योत्सना केरकेट्टा समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने दोनों पर निशा भगत की बदनामी कर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है . भाजपा समेत अन्य विपक्षी दलों ने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग करते रहे हैं.
