झारखंड में सिमडेगा से कांग्रेस के विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ एक नाबालिग लड़की से कथित यौन शोषण के आरोप में पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज केस में राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है.
एक अंग्रेजी अखबार में छपी रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर इन आरोपों की विस्तृत, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने को कहा है.
इसके साथ ही आयोग ने उचित कानूनी कार्रवाई, पीड़िता की पहचान की गोपनीयता सुनिश्चित करने तथा उसे समुचित चिकित्सा, मनोवैज्ञानिक एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराने को कहा है.
राजनीतिक प्रभाव से जांच को मुक्त रखने को कहा
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जांच किसी भी राजनीतिक या बाहरी प्रभाव से मुक्त होनी चाहिए तथा पीड़िता को किसी भी प्रकार की धमकी या दबाव से सुरक्षित रखा जाना चाहिए. आयोग ने 7 दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) मांगी है.
महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा है, “प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा, गरिमा और अधिकार सर्वोपरि है. किसी नाबालिग के यौन शोषण से जुड़े आरोपों की जांच पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और तत्परता से की जानी चाहिए. आरोपी का पद या प्रभाव कानून के प्रति जवाबदेही में बाधा नहीं बन सकता.”

विधायक आवास पर दुष्कर्म का आरोप
गौरतलब है कि पीड़िता की शिकायत पर रांची के धुर्वा थाने में विधायक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया गया है. पीड़िता ने दो महिलाओं के खिलाफ भी शिकायत दर्ज करायी है, जिन्होंने विधायक के आवास पर उसे काम पर रखवाया. साथ ही शारीरिक तौर पर उसे प्रताड़ित भी किया उसका आरोप है कि पांच अगस्त को बाड़ा ने अपने आवास पर उसके साथ दुष्कर्म किया जिसके बाद वह गर्भवती हो गई. पुलिस ने 14 नवंबर को पीड़िता का रांची कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराया है. इससे पहले 13 नवंबर को उसका मेडिकल चेकअप कराया गया था.
दो बार सिमडेगा विधासभा का प्रतिनिधित्व कर चुके बाड़ा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें ‘‘पूरी तरह से झूठा और गुमराह करने वाला’’ बताया है. उन्होंने दावा किया है कि राजनीतिक साजिश के तहत उनकी और पार्टी की छवि खराब करने की कोशिशें की जा रही है. जबकि भाजपा और विभिन्न आदिवासी संगठनों ने विधायक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है.
