हजारीबागः अवैध कोयला खनन के खिलाफ सीआईएसएफ की टीम ने बड़कागांव इलाके में छापेमारी कर 257 टन कोयला जब्त किया है.
सीआईएसएफ की यह कार्रवाई जोराकाट, चपरी और सेहंदा गांव के जंगलों में दोपहर में शुरू हुई, जो बुधवार की देर रात तक चली.
बरामद कोयले को 10 हाइवा वाहनों के माध्यम से एनटीपीसी के कांटा घर तक लाया गया, जहां वजन के बाद कुल मात्रा की पुष्टि हुई.
इस अभियान में सीआईएसएफ के 100 से अधिक जवानों को अलग-अलग टीमों में तैनात किया गया. टीमों ने चिन्हित और संदिग्ध ठिकानों पर पहुंचकर तलाशी ली तथा अवैध रूप से जमा किए गए कोयले को जब्त किया.
ड्रोन से हुई जंगल की निगरानी
सीआईएसएफ ने जमीनी कार्रवाई के साथ ड्रोन तकनीक का भी इस्तेमाल किया. ड्रोन के जरिए जंगल के ऐसे हिस्सों की निगरानी की गई, जहां अवैध खनन या कोयला भंडारण की आशंका थी. इससे दुर्गम और जंगल के भीतर छिपाकर रखे गए कोयले के संभावित ठिकानों तक पहुंचने में सुरक्षा बलों को मदद मिली.
जब्त कोयले को 10 हाइवा वाहनों में लोड कर एनटीपीसी कांटा घर लाया गया। कांटा घर में वजन कराए जाने के बाद बरामद कोयले की कुल मात्रा 256.71 टन दर्ज की गई. सीआईएसएफ की टीम ने बरामद कोयले को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की कार्रवाई भी रात में ही पूरी की.
जब्त कोयले को सुरक्षित स्टॉक/स्टोरेज क्षेत्र में रखा गया है. अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य अवैध कोयला खनन, भंडारण और परिवहन से जुड़े नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाना है.
