रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के समर्थन में मैदान संभाल लिया है.
शनिवार को उन्होंने झारखंड की सीमा से सटे पुरुलिया जिले के काशीपुर, मानबाजार और बांधवान विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी सभा की.
काशीपुर में टीएमसी प्रत्याशी सोमेश बेल्थरिया के समर्थन में आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि बंगाल के समाज का हर वर्ग आदिवासी, दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक, अमीर और गरीब सभी ममता दीदी के साथ खड़े हैं.
चुनावी सभा में हेमंत सोरेन ने बीजेपी को निशाने पर लेते हुए कहा, अभी देश में दो राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव हुए हैं. सब जगह एक ही चरण में चुनाव हो रहा है. असम में एक चरण में चुनाव हुआ, मगर बंगाल में दो चरण में चुनाव हो रहा है. आपको मालूम है यहां ऐसा क्यूं हो रहा है. यहां भाजपा चुनाव नहीं लड़ रही है. यह चुनाव आयोग लड़ रहा है.
उन्होंने कहा, पूरे देश की सुरक्षा बलों को यहां बंगाल में भेजा गया है गरीब-गुरुबा लोगों को डराने-धमकाने के लिए. लेकिन आदिवासी, कभी किसी से डरा है क्या? हम भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हु, फूलो- झानो के वंशज हैं. हम डरने वाले लोग नहीं, भिड़ने वाले लोग हैं.
ममता दीदी भी मजबूती के साथ आप सभी के हक-अधिकार के लिए इनसे भिड़ रही हैं.
बंगाल के बंदवान में
बंदवान विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी राजीब लोचन सोरेन जी के पक्ष में आयोजित सभा में भी हेमंत सोरेन ने बीजेपी पर निशाने साधे.
सोरेन ने कहा, भाजपा का काम समाज को समाज से लड़ाना है. यह हर एक वर्ग को दूसरों से लड़ाकर फूट डालो और राज करो की कुनीति के साथ काम करती है. भाजपा कभी भी आदिवासी समाज की हितैषी नहीं हो सकती. असम में आदिवासी समाज के लाखों लोग रहते हैं लेकिन वहां आदिवासी समाज को कभी एसटी समझा ही नहीं गया, वहां वर्षों से भाजपा ने आदिवासी समाज का शोषण किया है. इसलिए आप सभी से अपील है आगामी चुनाव में ममता दीदी के हाथों को मजबूत करने का काम करें.
पुरुलिया जिले के इन विधानसभा क्षेत्रों में आदिवासी और ग्रामीण मतदाताओं की संख्या अधिक है, जिसे ध्यान में रखते हुए हेमंत सोरेन का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को मतदान है. यहां टीएमसी- बीजेपी के बीच सीधी लड़ाई है. कांग्रेस भी चुनाव लड़ रही है, लेकिन झारखंड में कांग्रेस के साथ सरकार चला रहे हेमंत सोरेन ने बंगाल में कांग्रेस से दूरी बनाये रखी है. असम में भी जेएमएम ने कांग्रेस स दूरी रखते हुए 16 सीटों पर चुनाव लड़ा है.
मुख्यमंत्री का अगला कार्यक्रम 20 अप्रैल को बांकुरा और झाड़ग्राम जिलों में प्रस्तावित है, जहां वे तालडांगरा, रायपुर और बिनपुर विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे.
