केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि आज भारत दुनिया को अनोखे और बेजोड़ आर्थिक अवसर प्रदान कर रहा है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खुद को एक भरोसेमंद वैश्विक आर्थिक साझेदार के रूप में स्थापित कर रहा है.
‘रिपब्लिक समिट 2026’ को संबोधित करते हुए गोयल ने कहा कि वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं (ग्लोबल सप्लाई चेन) में भारत की बढ़ती भूमिका और देश-हित को प्राथमिकता देने वाली व्यापार नीतियों ने भारत को दुनिया भर के कारोबारों के लिए एक आकर्षक गंतव्य बना दिया है.
उन्होंने कहा, “भारत वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं में लगातार अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है, क्योंकि दुनिया भर की कंपनियां भरोसेमंद और विश्वसनीय साझेदारों की तलाश कर रही हैं.” गोयल ने कहा कि मजबूत आर्थिक आधार, स्थिर नीतिगत माहौल और मोदी सरकार द्वारा लागू किए गए विकासोन्मुख सुधारों के कारण दुनिया भर की कंपनियां तेजी से भारत की ओर आकर्षित हो रही हैं.
भारत की आर्थिक प्रगति
उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक प्रगति ने निवेशकों, व्यापारियों, निर्यातकों और उद्योगों के लिए अभूतपूर्व अवसर पैदा किए हैं. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में भारत द्वारा किए गए सभी व्यापार समझौते राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखकर किए गए हैं. साथ ही इन समझौतों ने भारत और उसके वैश्विक साझेदारों के बीच व्यापारिक संबंधों को भी मजबूत किया है.
उन्होंने कहा कि इन समझौतों का उद्देश्य भारतीय व्यापारियों, निर्यातकों, उद्योगों और नागरिकों के लिए अधिक अवसर पैदा करना है, जबकि भारत के हितों की पूरी सुरक्षा भी सुनिश्चित की गई है. अंतरराष्ट्रीय व्यापार वार्ताओं में सरकार के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने हमेशा ‘नेशन फर्स्ट’ यानी राष्ट्र सर्वोपरि की नीति अपनाई है.
