रांचीः राज्यसभा के सांसद आदित्य साहू को झारखंड प्रदेश बीजेपी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है.
वे वर्तमान में कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र कुमार राय की जगह लेंगे.
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरूण सिंह ने इस नियुक्ति को लेकर पत्र जारी कर दिया है.
आदित्य साहू अभी झारखंड प्रदेश बीजेपी में महमंत्री का पद संभाल रहे थे. सांगठनिक कामकाज के साथ चुनावी प्रबंधन में भी उन्हें पार्टी के अंदर एक सुलझे नेता और रणनीतिकार के तौर पर देखा जाता है. साल 2022 में उन्हें झारखंड से राज्यसभा के सदस्य के रूप में चुना गया है.
इस नियुक्ति के बाद पार्टी के अंदर इसकी भी चर्चा शुरू है कि आगे आदित्य साहू को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जा सकती है.
दरअसल अभी बाबूलाल मरांडी प्रदेश अध्यक्ष के साथ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
साल 2023 में बाबूलाल मरांडी को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मदारी दी गई थी. जबकि 2024 में हुए विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता रवींद्र राय को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था.
2024 के चुनाव में बीजेपी को प्रदेश में 21 सीटों पर जीत मिली है. पार्टी ने बाबूलाल मरांडी को नेता चुना है. विधानसभा में उन्हें नेता प्रतिपक्ष का दर्जा प्राप्त है.
उधर ओडिशा के राज्यपाल पद से इस्तीफा देकर झारखंड की राजनीति में वापस लौटे रघुवर दास पर भी सबकी निगाहें टिकी है. पार्टी ने उनकी जिम्मेदारी को लेकर अब तक कोई फैसला नहीं लिया है. जबकि पार्टी का एक बडा धड़ा यह मानता है कि झारखंड की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और बदले हालात में रघुवर दास ही प्रदेश में मजबूत खेवनहार बन सकते हैं.
पिछले 10 जनवरी को रघुवर दास के बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद से बीजेपी के गलियारे में अटकलें लगती रही हैं कि रघुवर दास को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी जा सकती है.
झारखंड की राजनीति में वापसी के बाद से रघुवर दास हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ लगातार हमलावर भी रहे हैं.
इस बीच पार्टी नेतृत्व ने आदित्य साहू को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है. जाहिर तौर पर इसके मायने निकाले जा जा रहे हैं.
हालांकि आदित्य साहू को पार्टी में रघुवर दास का भी करीबी भी माना जाता रहा है.
