रांचीः छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस नहीं लिए जाने पर झारखंड बीजेपी ने आंदोलन की तारीख की घोषणा की है.
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया है कि 8 से 11 सिंतबर तक सभी जिला मुखायलयों में प्रदर्शन के साथ डीसी-एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा.
साहू ने कहा कि भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव से मिलकर मांग रखी थी कि छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं और पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान छात्रों पर हमले करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए. मुख्य सचिव को ज्ञापन दिए जाने के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर पार्टी ने आंदोलन करने का निर्णय लिया है.
उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता लगातार चार दिनों तक ( 8 से 11 सितंबर) तक सभी 24 जिलों में प्रदर्शन के साथ डीसी एवं एसपी कार्यालय का घेराव कर छात्रों की आवाज बुलंद करेंगे. प्रतिदिन 6 जिलों में घेराव कार्यक्रम किया जाएगा. भाजपा हर कदम पर छात्रों के इस न्याय की लड़ाई में मजबूती से खड़ी रहेगी.
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम की शुरुआत 8 सितंबर से होगी. 8 सितंबर को रांची, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर और गढ़वा जिले में, 9 सितंबर कोडरमा, साहिबगंज, बोकारो, पलामू, सिमडेगा और चाईबासा जिले में, 10 सितंबर को सरायकेला, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा जिले में जबकि 11 सितंबर को रामगढ़, देवघर, लोहरदगा, खूंटी, गोड्डा और जामताड़ा जिले में यह कार्यक्रम निर्धारित किया गया है.
