हजारीबाग: झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा बुधवार को हजारीबाग पहुंचीं. उन्होंने यहां प्रसिद्ध रामनवमी जुलूस के मार्ग का जायजा लिया. साथ ही सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस की तैयारियों की भी जानकारी ली.
रामनवमी जुलूस को लेकर संवेदनशील मार्ग का जायजा लेने के दौरान जिले के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे.
झंडा चौक पर भी डीजीपी ने रामनवमी में भीड़ नियंत्रण तथा सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी ली.
रामनवमी जुलूस का महत्वपूर्ण हिस्सा जामा मस्जिद रोड होता है.
इस मार्ग पर भी डीजीपी ने स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने मस्जिद रोड में सुरक्षा को लेकर कुछ अन्य निर्देश भी निर्गत किए हैं.
जुलूस मार्ग का जायजा लेने के बाद डीजीपी ने एसपी ऑफिस में उच्च स्तरीय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की.
एसपी ने डीजीपी को बताया है कि हजारीबाग में शांतिपूर्ण रामनवमी को लेकर पुलिस मुस्तैद है. लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है. शहर में दो स्थानों पर मॉक ड्रिल भी किया गया है. सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है.
इसके बाद बड़ा अखाड़ा में वे मीडिया से मुखातिब हुईं. इस दौरान बोकारो रेंज के आईजी सुनील भास्कर, हजारीबाग के एसपी अंजनी अंजन, उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह भी उपस्थित रहे.
डीजीपी ने बताया कि पुलिस ने सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए हैं. जिस-जिस महत्वपूर्ण रास्ते से जुलूस गुजरेगा उसका निरीक्षण किया गया है. साथ ही कई अहम निर्देश भी दिए गए हैं.
उन्होंने लोगों से अपील की है कि उत्साह, उमंग और श्रद्धा के साथ रामनवमी का त्योहार मनाएं और शांति तथा सुरक्षा को लेकर अपनी जिम्मेदारी भी निभायें. कानून तोड़ने की इजाजत नहीं है.
रामनवमी से ठीक पहले डीजीपी का हजारीबाग दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
