हजारीबागः झारखंड के हजारीबाग में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में अहम सफलता मिली है. जिले के गोरहर थाना क्षेत्र के पातीतारी में माओवादियों के साथ मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये का इनामी भाकपा (माओवादी) का केंद्रीय समिति सदस्य सहदेव सोरेन और दो अन्य नक्सली मारे गए हैं.
झारखंड पुलिस ने सहदेव सोरेन के मारे जाने की पुष्टि की है. इसके साथ ही बताया है कि इस मुठभेड़ में मारे गए अन्य दो नक्सली कमांडरों में बिहार-झारखंड विशेष क्षेत्र कमेटी सदस्य रघुनाथ हेम्ब्रम उर्फ चंचल और बिरसेन गंझू उर्फ रामखेलावन शामिल हैं.
रघुनाथ हेंब्रम पर 25 लाख रुपये का इनाम था. जबकि जोनल कमेटी सदस्य बिरसेन गंझू पर दस लाख रुपये का इनाम था.
इस मुठभेड़ में कोबरा के दो जवान भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए हजारीबाग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वे दोनों खतरे से बाहर हैं.
पुलिस का कहना है, “खुफिया जानकारी के आधार पर लमवार की सुबह हज़ारीबाग ज़िले के टाटीझरिया थाना के करंडी गाँव में, कोबरा बटालियन, गिरिडीह और हज़ारीबाग पुलिस की संयुक्त टीम तलाशी अभियान में जुटी थी. माओवादियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में माओवादियों के तीन अहम चेहरे मारे गए.
इस बीचच हजारीबाग के एसपी अंजनी अंजन ने बताया है कि पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है.
मौके से पुलिस ने हथियार एके 47 भी बरामद किया है. पुलिस के आला अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे हैं.
गौरतलब है कि रविवार की सुबह पलामू पुलिस ने टीएसपीसी के एक उग्रवादी कमांडर मुखदेव यादव को मुठभेड़ में मार गिराया था.
