कोडरमा : पश्चिम बंगाल के बांकुडा जिले में साल 2024 को हुए विस्फोट मामले की जांच की आंच अब झारखंड तक पहुंच गई है. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को कोडरमा जिले में बड़े पैमाने पर छापेमारी कर विस्फोटक आपूर्ति नेटवर्क की जांच की. इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है.
इसके साथ ही एनआईए की कोलकाता इकाई की अलग-अलग टीमों ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से नवलशाही थाना क्षेत्र के नवादा मौजा स्थित मां दुर्गा इंटरप्राइजेज नामक मैगजीन हाउस समेत चार ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई करते हुए 16.07 लाख रुपये से अधिक नकद, जमीन से जुड़े 22 दस्तावेज और विस्फोटक कारोबार से संबंधित कई रिकॉर्ड जब्त किए हैं.
चार ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, एनआईए की टीम ने नवादा मौजा स्थित मां दुर्गा इंटरप्राइजेज मैगजीन हाउस, बदडीहा स्थित शंकर यादव के आवास, नावाडीह (डोमचांच) निवासी महेश मेहता के घर तथा एक अन्य स्थान पर एक साथ छापेमारी की. कार्रवाई बुधवार देर रात शुरू हुई और गुरुवार तक कई घंटों तक जारी रही. छापेमारी के दौरान एनआईए अधिकारियों ने दस्तावेजों, रजिस्टरों, डिजिटल रिकॉर्ड और विस्फोटक आपूर्ति से जुड़े कागजात की गहन जांच की. जांच एजेंसी ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं.
विस्फोटक कारोबार से जुड़े दस्तावेज खंगाले
एनआईए की कार्रवाई के दौरान बदडीहा निवासी शंकर यादव के घर से 16 लाख 7 हजार 600 रुपये नकद बरामद किए गए. इसके अलावा जमीन से संबंधित 22 अलग-अलग दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं. जांच एजेंसी ने विस्फोटक कारोबार से संबंधित रिकॉर्ड बुक और अन्य अभिलेख भी अपने कब्जे में लिए हैं.
शंकर यादव को नवादा मौजा में संचालित विस्फोटक केंद्र (मैगजीन हाउस) का संचालक बताया जा रहा है. प्रारंभिक जांच में कुछ अनियमितताएं मिलने के बाद एनआईए ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. एनआईए ने इस मामले में शंकर यादव के अलावा नावाडीह (डोमचांच) निवासी महेश मेहता को भी गिरफ्तार किया है. दोनों से कई घंटे तक पूछताछ की गई, जिसके बाद एनआईए की टीम उन्हें अपने साथ ले गई.
