जमशेदपुरः जमशेदपुर स्थित क्रिस्टल होटल के मालिक निखार सबलोक की गोली मारकर की गई हत्या के बाद पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है.
यह घटना जमशेदपुर-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेंथ माइल होटल के ठीक सामने हुई, जहां निशाना बनाकर पीछे से सबलोक पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी.
घटना के बाद अत्यंत गंभीर हालत में निखार को जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, निखार सबलोक पैदल जा रहे थे, तभी घात लगाए हमलावरों ने पीछे से उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. अचानक हुई फायरिंग से हाईवे पर भगदड़ मच गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार स्वर्गियारी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटनास्थल से पुलिस ने 8 खाली कारतूस (खोखे) बरामद किए हैं. चांडिल पुलिस आसपास के ढाबों व टेंथ माइलस्टोन होटल के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, जिसमें निखार पैदल जाते दिख रहे हैं.
अपराधियों की धरपकड़ के लिए सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.
