रांचीः नगर निगम ने विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में छह कोचिंग संस्थानों में छानबीन करते हुए नियमों के उल्लंघन को लेकर नोटिस जारी किया है.
जिन छह कोचिंग सेंटर में छानबीन की गई है उनमें न्यूटन ट्यूटोरियल्स सामर्थ एकेडमी, फिटजी (FITJEE, स्काई टेक एवियेशन, मेंटर्स एवं भनवाट राठॉ डिजाइन स्टूडियो शामिल हैं.
न्यूटन और फिटजी जेईई तथा नीट की परीक्षाओं के लिए बच्चों को कोचिंग देने के लिए जाना-माना नाम है.
नगर निगम के मुताबिक संबंधित संस्थानों को आवश्यक वैधानिक दस्तावेज एवं सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए तीन दिनों का समय दिया गया है.
निर्धारित अवधि में अनुपालन नहीं करने पर नियमानुसार सीलिंग एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
निगम ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा.
गौरतलब है कि निगम भवन नक्शा, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस की जांच पड़ताल कर रहा है.
इससे पहले निगम की नगर निवेशन शाखा ने मंगलवार को 20 कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी को नोटिस जारी किया है.
अब इन संस्थानों के भवन की वैधता से लेकर उसके स्वीकृत उपयोग, ट्रेड लाइसेंस, आवश्यक अनुमतियों और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच होगी.
नगर निगम अब यह भी जांच करेगा कि जिन भवनों में कोचिंग संस्थान और लाइब्रेरी संचालित हो रहे हैं, उनका उपयोग स्वीकृत नक्शे के अनुरूप है या नहीं.
यदि किसी आवासीय भवन का इस्तेमाल व्यावसायिक गतिविधि के लिए किया जा रहा है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई होगी.
निगम के अनुसार, बिना स्वीकृत नक्शे वाले भवन या बिना वैध ट्रेड लाइसेंस और आवश्यक अनुमति के संचालित संस्थानों पर कार्रवाई की जाएगी.
