अभिषेक बनर्जी पर हमले के एक दिन बाद रविवार को टीएमसी के एक और सांसद कल्याण बनर्जी पर भी कथित तौर पर भीड़ के द्वारा हमला किए जाने के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति पर सबकी निगाहें टिकी हैं.
इस बीच ममता बनर्जी सांसद कल्याण बनर्जी से मिलने उनके आवास पर पहुंचीं. ममता बनर्जी की इस घटना पर प्रतिक्रिया भी सामने आई है.
कल्याण बनर्जी अपने ही संसदीय क्षेत्र हुगली के चांदिताला क्षेत्र में गए थे. घटना के समय के वीडियो में दिख रहा है कि पुलिस भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है और कल्याण बनर्जी सिर को पकड़े हुए ज़मीन पर लेट गए.
उन्होंने दावा किया कि उनके सिर पर चोट आई है. जब वो जा रहे थे तो कुछ लोग उन्हें काला झंडा दिखा रहे थे और नारेबाज़ी कर रहे थे.
इस घटना के बाद वो सड़क पर ही अपने समर्थकों के साथ रुके रहे. बाद में ममता बनर्जी उनसे मिलने उनके आवास पर गईं.
ममता बनर्जी ने कहा, “कल (शनिवार) बीजेपी समर्थकों ने टीएमसी के लोकसभा में फ़्लोर लीडर अभिषेक बनर्जी पर बेरहमी से हमला किया और उनकी लिंचिंग की. इस भयावह घटना के वीडियो सार्वजनिक रूप से मौजूद हैं.”
“आज लोकसभा में हमारे चीफ़ व्हिप कल्याण बनर्जी पर भी बीजेपी का एक सुनियोजित हमला हुआ.”
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया, “बीजेपी लोकतंत्र की हत्या कर रही है.”
