रांचीः धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह के बेटे की कंपनी ने न्यूक्लियस मॉल ख़रीद लिया है.
यह मॉल झारखंड के चर्चित कारोबारी विष्णु अग्रवाल की थी. मॉल की रजिस्ट्री शुक्रवार को रांची स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में 375 करोड़ रुपये मे हुई.
एलबी सिंह के बेटे की कंपनी VAD प्राइवेट सर्विसेज लिमिटेड के नाम पर न्यूक्लियस मॉल की रजिस्ट्री हुई.
जानकारी के मुताबिक खरीदार ने इस सौदे के लिए 15 करोड़ रुपये स्टांप ड्यूटी और 11.25 करोड़ निबंधन शुल्क जमा किए हैं.
इस कंपनी नें एलबी सिंह का बेटा विवेक कुमार सिंह निदेशक है. चालू वित्तीय वर्ष के दौरान रांची रजिस्ट्री ऑफ़िस से होने वाली ख़रीद बिक्री का यह सबसे बड़ा मामला है.
न्यूक्लियस माल सर्कुलर रोड के पास 1.59 एकड़ ज़मीन पर फैला हुआ है. यह मॉल भी ईडी की जाँच के दायरे में शामिल है.
कारोबार के क्षेत्र में यह मॉल कई मामलों को लेकर सुर्खियों में रहा है. मॉल में व्यावसायिक गतिविधियां 12 फरवरी 2017 को शुरू हुई थीं.
कारोबारी और न्यूक्लियस मॉल के मालिक विष्णु अग्रवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रांची जमीन घोटाले मामले में एक अगस्त 2023 को लगभग साढ़े छह घंटे की लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था. अग्रवाल की संपत्तियों के असेसमेंट को लेकर 15 मई को ईडी की टीम ने न्यीक्लियस मॉल का सर्वे किया था. अग्रवाल फिलहाल वे जमानत पर हैं.
एलबी सिंह भी जांच के घेरे में
इसके अलावा विवेक सिंह के पिता एलबी सिंह भी कोयला घोटाले में ईडी की जाँच के दायरे में शामिल हैं.
मनी लांड्रिंग के मामले में जांच कर रही ईडी ने पिछले जुलाई महीने में एलबी सिंह समेत अन्य कारोबारियों के 31 ठिकानों पर छापे मारे थे.
यह छापेमारी अनिल गोयल, एलबी सिंह, हरेंद्र चौहान, गणेश यादव, पप्पू मंडल, रोहित यादव, माधे सिंह व इनसे जुड़ी कंपनियों, सहयोगियों, रिश्तेदारों आदि से जुड़े सभी 31 ठिकानों पर चली थी. इस छापेमारी में ईडी ने कोयला कारोबारी एलबी सिंह के माध्यम से म्यूचुअल फंड में किए गए लगभग 160 करोड़ रुपये के निवेश को फ्रीज कर दिया है.
