रांचीः आदिवासी मामलों में मुखर और कई सवाल, मुद्दे को लेकर बहस-विवाद में रहने वालीं निशा भगत को कांके पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है.
निशा भगत के साथ एक अन्य महिला बुधना उराव उर्फ भगताइन को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है.
कांके थाना क्षेत्र के हुसीर मौजा स्थित विवादित जमीन पर एसडीओ कोर्ट की रोक के बावजूद गुरुवार को निशा भगत घर निर्माण कराने पहुंची थीं. इस दारौन पुलिस बलों के साथ नोंक-झोंक हुई.
जानकारी के अनुसार खाता संख्या 134 प्लॉट संख्या 1550 रकबा एक एकड़ 64 डिसमिल भूमि को लेकर मेघा उरांव और अजय उरांव पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है. मामले में एसडीओ कोर्ट ने जमीन पर यथा स्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था.
गुरुवार को जब विवादित भूमि पर निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा था, तो कांके सीओ अमित भगत इंस्पेक्टर कुणाल कुमार सहित पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण रोकने का निर्देश दिया लेकिन दोनों पक्षों ने आदेश का पालन नहीं किया.
और निशा भगत पुलिस से उलझ गई, जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की.
इधर घटना के दौरान एक बुजुर्ग के साथ मारपीट की भी खबर है, जिससे वे घायल हो गए. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.