रांची : राजधानी रांची में गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने का सिलसिला लगातार जारी है. गुरुवार को शहर के प्रतिष्ठित होटल कैपिटोल हिल के संचालक संजय भाटिया उर्फ टिनू भाटिया से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गयी. रंगदारी नहीं देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी गयी है. घटना के बाद कारोबारी वर्ग में दहशत का माहौल है.
इससे पहले दो जून को होटल जलजोगा रेस्टोरेंट के मालिक मिहिर घोष से भी प्रिंस खान के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गयी थी. घोष ने लोअर बाजार थाना में आवेदन दिया है.
वॉयस कॉल और व्हाट्सएप कॉल
जानकारी के अनुसार, विदेशी नंबर से वॉयस कॉल और व्हाट्सएप कॉल कर रंगदारी मांगी जा रही है. भेजे गये मैसेज में पहले “जोहार टिनू भाटिया जी” लिखकर संबोधित किया गया और फिर एक करोड़ रुपये की मांग रखी गयी. मैसेज में यह भी कहा गया कि उनके परिवार की पूरी रेकी कर ली गयी है और एक इशारे पर एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के टीटोस रेस्टोरेंट जैसी घटना को अंजाम दिया जा सकता है.
घटना की सूचना मिलने के बाद रांची पुलिस सक्रिय हो गयी. पुलिस अधिकारी पीपी कंपाउंड स्थित टिनू भाटिया के आवास पहुंचे और मामले की जानकारी ली। हालांकि पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस प्रिंस खान गिरोह से जुड़े पुराने मामलों और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है.
कारोबारियों में दहशत
लगातार सामने आ रही घटनाओं ने राजधानी के कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है. दरअसल, प्रिंस खान के नाम पर इससे पहले भी रांची के कई कारोबारियों से रंगदारी मांगी जा चुकी है. मार्च 2026 में अलबर्ट एक्का चौक स्थित जयहिंद फार्मा के संचालक से एक करोड़ रुपये की मांग की गयी थी.
जनवरी 2026 में एयरपोर्ट क्षेत्र के टीटोस रेस्टोरेंट संचालक से एक करोड़ रुपये की रंगदारी नहीं मिलने पर रेस्टोरेंट में फायरिंग की गयी थी, जिसमें एक वेटर की मौत हो गयी थी.
लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं के बीच पुलिस इसे खंगालने में जुटी है कि धमकी देने वाले लोग वास्तव में प्रिंस खान गिरोह से जुड़े हैं या फिर उसके नाम का इस्तेमाल कर रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहे हैं.
