उपेन्द्र कुशवाहा को एक बार फिर राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है.
शनिवार को दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ़ इंडिया में पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन हुआ.
अधिवेशन में सर्वसम्मति से पार्टी के संस्थापक और सीनियर नेता उपेन्द्र कुशवाहा को कार्यकाल (2026-29) के लिए फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है.
इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उपेन्द्र कुशवाहा ने अपने बेटे और बिहार सरकार में मंत्री दीपक प्रकाश को लेकर कहा, “किसी तरह के भ्रम में आने की जरूरत नहीं है. निश्चिंत रहिए बिहार में जब तक एनडीए सरकार रहेगी दीपक प्रकाश मंत्री रहेंगे.”
पार्टी ने प्रेस रिलीज़ जारी कर ये जानकारी दी है.
प्रेस रिलीज़ के मुताबिक, राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने संकल्प लिया कि पार्टी सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोज़गार, किसानों के हित और बिहार के समग्र विकास के मुद्दों को मज़बूती से उठाती रहेगी.
इस दौरान पार्टी के अन्य विधायक, बिहार सरकार में मंत्री और उनके बेटे दीपक प्रकाश भी मौजूद रहे.
गौरतलब है कि दीपक प्रकाश अभी बिहार में किसी विधान मंडल के सदस्य नहीं हैं. हाल ही में विदानपरिषद की नौ सीटों पर हुए निर्वाचन में उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया गया था. तब उनके मंत्री बने रहने को लेकर राजनीतिक गलियारों में सवाल उठने लगे थे.
