रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ 22 दिनों से रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को राजधानी में तिरंगा यात्रा निकालने की तैयारी की है. इसमें बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं से भाग लेने की अपील की गई है.
इस बीच शुक्रवार को रांची सदर के एसडीओ कुमार रजत और एडीएम धनंजय कुमार जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित धरना स्थल पहुंचे और छात्रों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने छात्रों का हालचाल जाना और 15 अगस्त को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को लेकर जानकारी ली.
जेपीएससी जेएसएसी रिफॉर्म मंच ने एक्स पर यात्रा का रूट भी जारी किया है. साथ ही कहा है, “यह तिरंगा यात्रा सिर्फ हाथों में लहराते तिरंगे की यात्रा नहीं, बल्कि JPSC–JSSC में पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुधार की उस आवाज़ की यात्रा है, जो झारखंड के हर युवा के हक़ की लड़ाई लड़ रही है. आज कदम सड़क पर हैं, ताकि कल भर्ती व्यवस्था में ईमानदारी और युवाओं के सपनों को उनका अधिकार मिल सके.”
छात्र प्रतिनिधि रविंद्र पासवान का कहना है कि एसडीओ कुमार रजत लगातार आंदोलनरत छात्रों का हालचाल लेने धरना स्थल पर पहुंचते रहे हैं. इसी क्रम में आज उन्होंने 15 अगस्त को होने वाली तिरंगा यात्रा के बारे में भी जानकारी ली. हमने उन्हें यात्रा के रूट और कार्यक्रम के प्रारूप की जानकारी दी है.
छात्रों की तिरंगा यात्रा
छात्रों की तिरंगा यात्रा 15 अगस्त की सुबह 9:30 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होगी. इसके बाद यात्रा कचहरी चौक, न्यूक्लियस मॉल, लालपुर चौक, प्लाजा चौक, फिरायालाल चौक और शहीद चौक होते हुए वापस जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचेगी.
यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. ऐसे में प्रशासन की ओर से यात्रा के रूट और विद्यार्थियों की संभावित संख्या की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शहर में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित रखा जा सके.
मोराबादी में राजकीय समारोह
15 अगस्त को मोराबादी मैदान में राजकीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन है, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झंडा फहरायेंगे और परेड की सलामी लेंगे.
उधर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार राज्य की उप-राजधानी दुमका में स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे.
स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे झारखंड में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.
रांची प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से मोराबादी में समारोह के दौरान ड्रोन से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी पर रोक लगा दी है.
