कोडरमाः देवघर से राजगीर जा रही कांवरियों से भरी बस की एक ट्रक से टक्कर में तीन कांवरियों की मौत हो गई है. इनमें से एक दस वर्षीय बच्चा शामिल है.
इस हादसे में कम से कम एक दर्जन लोग घायल हुए हैं. यह घटना कोडरमा जिले के सतगांवा थाना क्षेत्र के पोखराडीह मोड़ के पास अहले सुबह हुई है.
गंभीर रूप से घायल सभी कांवरियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा ले जाया गया है जहां सभी का इलाज चल रहा है.
सतगावां के थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह के मुताबिक बस में सवार कांवरिया नेपाल के रहने वाले हैं. वे देवघर में पूजा अर्चना करने के बाद बासुकीधाम गए. वहां से बस राजगीर (बिहार) के लिए जा रही थी. बस में 45 कावंरिया सवार थे.
शुक्रवार की अहले सुबह सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास बस चालक को झपकी आ गई. इसके कारण बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोर से टकरा गई.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. बस में सवार कांवरिया अंदर ही फंस गए. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य में जुट गए.
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. बस में फंसे यात्रियों को निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. हादसे में घायल एक बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक की पहचान 10 वर्षीय शिवम कुमार के रूप में हुई है. वहीं, दो अन्य लोगों की सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गयी.
