मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक टसल के बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दावा किया है कि उन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त के भ्रष्टाचार के बारे में पता है.
राहुल गांधी ने सोमवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा, “हम वही सवाल उठा रहे हैं जो दो चुनाव आयुक्तों ने पूछा था. ज्ञानेश कुमार इस्तीफ़ा क्यों नहीं दे रहे हैं. ज्ञानेश कुमार जी, हम जानते हैं कि आपकी क्या हालत है, आपको नींद नहीं आती. हम आपको छोड़ेंगे नहीं, आप बचेंगे नहीं. हमें आपके अतीत और आपके भ्रष्टाचार के बारे में पता है, हम बस इंतज़ार कर रहे हैं.”
उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को सामने आकर सच्चाई बतानी चाहिए.
राहुल गांधी ने कहा, “दिल्ली में कई दिनों से वोटों की चोरी के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन चल रहा है, सवाल यह है कि दिल्ली को जेल में क्यों बदल दिया गया है? लोगों को शहर में आने से रोका जा रहा है, ट्रेनों और बसों में रोका जा रहा है.”
उन्होंने कहा, “सरकार बहुत बड़ी ग़लती कर रही है, क्योंकि हम देश को दिखाना चाहते हैं कि मोदी जी ज्ञानेश कुमार को बचा रहे हैं. उन्हें जितनी ज़्यादा सुरक्षा मिलेगी, हम आख़िरकार उनके कंट्रोलर तक उतनी ही आसानी से पहुंच पाएंगे. हमें ऐसी ख़बरें मिल रही हैं कि पुलिसकर्मी परेशान हैं क्योंकि उन्हें युवाओं की पिटाई करने का आदेश दिया जा रहा है, जबकि आरएसएस सदस्यों को खुली छूट देने के निर्देश दिए जा रहे हैं.”
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का संरक्षण कर रही है और दावा किया कि विपक्ष के पास मुख्य चुनाव आयुक्त के आचरण के बारे में जानकारी है.
उन्होंने कहा कि विपक्ष का अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक चुनाव आयुक्त को हटाया नहीं जाता, चुनावी प्रणाली में सुधार नहीं किया जाता और न्याय नहीं मिलता। राहुल ने कहा, “हम रुकने वाले नहीं हैं,” और भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की अपनी मांग को दोहराया.
उन्होंने दिल्ली में हो रहे प्रदर्शनकारियों पर हो रही पुलिस कार्रवाई को लेकर कहा कि सरकार बहुत बड़ी ग़लती कर रही है.
