जाने-माने यूट्यूबर ध्रुव राठी ने कहा है कि वो कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) से जुड़े हुए नहीं हैं.
ध्रुव राठी ने रविवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि जैसे देश में बाकी लोग प्रदर्शन करने आए थे, ठीक उसी तरह से वो भी इसमें शामिल होने आए.
ध्रुव राठी ने कहा, “वोट चोरी एक बहुत संवेदनशील मुद्दा है, मैं इसी का विरोध जताने यहां आया था. यहां व्यक्तिगत तौर पर आया हूं, मैं सीजेपी से जुड़ा हुआ नहीं हूं. व्यक्तिगत तौर पर प्रोटेस्ट में हिस्सा लेने आए थे.”
ध्रुव राठी से पूछा गया कि क्या वो किसी राजनीतिक दल में शामिल होंगे?
इसके जवाब में उन्होंने कहा, “मैं मुद्दों के साथ हूं, लेकिन पॉलिटिक्स जॉइन नहीं करूंगा. लेकिन अगर कोई मुद्दा किसी पार्टी ने उठाया है, तो मुझे उस मुद्दे का समर्थन करने में कोई दिक्कत नज़र नहीं आती.”
हिरासत नहीं किडनैप किया गया था
गौरतलब है कि ध्रुव राठी को शनिवार को गुरुग्राम स्थित उनके घर से हिरासत में लिया गया था, हालांकि रिहा होने के बाद उन्होंने इसे ‘किडनैपिंग’ कहा था.
राठी को 10 अक्टूबर को दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के प्रदर्शन से पहले गुरुग्राम स्थित उनके घर से हिरासत में लिया गया था. उन्होंने वीडियो जारी कर दावा किया कि सादे कपड़ों में आए लोग उन्हें गुरुग्राम स्थित घर से उठाकर ले गए.
रिहाई के बाद जारी वीडियो में राठी ने कहा कि यह कोई गिरफ़्तारी या हिरासत नहीं थी क्योंकि डिटेंशन तो तब होती है प्रोटेस्ट में जाने पर पकड़ा जाता है, गिरफ़्तारी तब होती है जब कोई वर्दीवाला आता, उस पर नेम प्लेट लगा होता और गिरफ़्तारी वारंट दिखाता. उन्हें क़रीब 22 से 23 घंटे तक फ़ोन इस्तेमाल करने या अपने वकील से संपर्क करने नहीं दिया गया.
