रांचीः 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी राकेश रंजन ने शुक्रवार को रांची के नए एसएसपी का पद संभाल लिया है.
रांची के निवर्तमान डीआईजी सह एसएसपी चंदन सिन्हा ने उन्हें पदभार सौंपा और नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी.
पदभार संभालने के बाद राकेश रंजन ने कहा है कि बेहतर पुलिसिंग देना ही उनकी प्राथमिकता होगी. इस क्रम में अपराध नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान रहेगा.
उन्होंने कहा कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी, ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके.
राकेश रंजन ने रांची की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे हमेशा उनके लिए उपलब्ध हैं. कोई भी व्यक्ति किसी भी समय उनसे सीधे संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकता है.
उन्होंने जनता से बेहतर पुलिसिंग में सहयोग करने की अपील भी की. एसएसपी ने यह भी कहा कि रांची पुलिस ने जो अच्छे काम किए हैं, उन्हें आगे बढ़ाने का काम जारी रहेगा. उनका एकमात्र लक्ष्य जनता को सुरक्षित और बेहतर पुलिसिंग का अनुभव देना है.
रांची से पहले राकेश रंजन चाईबासा के एसपी पद पर तैनात थे.
