रांचीः आदिवासी कुड़मी समाज के द्वारा आहूत रेल टेका डहर छेका आंदोलन का झारखंड के अलग अलग जगहों पर दिखने लगा है. हजारों लोग झंडे- बैनर, ढोल-नगाड़े के साथ सुबह से ही रेलवे स्टेशनों और रेल पटरियों पर धरना- प्रदर्शन करते दिख रहे हैं. इससे कई ट्रेनों का पहिया थम गया है. कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं. कई ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए गए हैं.
कुरमी को आदिवासी की सूची में शामिल करने की मांग को लेकर 20 सितंबर से झारखंड, बंगाल और ओडिशा के सौ स्टेशनों पर आंदोलन का पहले ही आह्वान किया गया था. रेल टेका आंदोलन को लेकर सुरक्षा के तमाम इंतजाम और कई स्टेशनों के पास निषेधाज्ञा लागू किए जाने के बाद कुरमी समाज के लोग सुबह से ही रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने लगे थे. आंदोलन में बड़ी तादाद में महिलाएं शामिल हैं.
झारखंड में टाटीसिल्वे, मुरी, चंद्रपुरा, सिनी, राय, बरकाकाना, पारसनाथ, जगेश्वरप विहार, चरही, प्रधानहंता समेत कई स्टेशनों पर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है. पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के विधायक जयराम कुमार महतो भी अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ आंदोलन करने पहुंचे हैं.
उधर बोकारो के जगेश्वर विहार में आजसू के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, पूर्व विधायक लंबोदर महतो रेल पटरियों पर धरना पर बैठे हैं.
रेलवे और प्रशासन, पुलिस के अधिकारी आंदोलनकारियों से रेलवे पटरी खाली करने का लगातार अनुरोध कर रहे हैं. कई जगहों पर रेलवे सुरक्षा बलों के साथ आंदोलनकारियों की नोंक- झोंक और धक्का-मुक्की की खबरें हैं. सैकड़ों यात्री जहां- तहां स्टेशनों में फंसे पड़े हैं.
रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक आंदोलन की वजह से निम्नांकित ट्रेनों का आंशिक समापन आंशिक प्रारम्भ होगाः
ट्रेन संख्या 12019/12020 हावड़ा – रांची – हावड़ा शताब्दी एक्सप्रेस का आज दिनांक 20/09/2025 को आसनसोल स्टेशन पर आंशिक समापन / आंशिक प्रारम्भ होगा. इस ट्रेन का आसनसोल – रांची – आसनसोल के बीच परिचालन रद्द रहेगा.
ट्रेन संख्या 13303 धनबाद – रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस का आज दिनांक 20/09/2025 को कतरासगढ़ स्टेशन पर आंशिक समापन होगा. इस ट्रेन का कतरासगढ़ से रांची के बीच परिचालन रद्द रहेगा.
ट्रेन संख्या 22349 पटना – रांची वंदे भारत का आज दिनांक 20/09/2025 को गया स्टेशन पर आंशिक समापन होगा. इस ट्रेन का गया से रांची के बीच परिचालन रद्द रहेगा.
रांची रेलवे की सूचना
रेलवे रांची डिविजन की सूचना के मुताबिक हटिया-खड़गपुर मेमू ट्रेन आज रद्द कर दी गई है. धनबाद- अलेप्पी दिन के11.35 बजे की बजाय शाम 6.35 बजे प्रस्थान करेगी. हटिया- वर्धमान मेमू एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है.

बरकाकाना स्टेशन में घुसे प्रदर्शनकारी
आंदोलन के चलते रेल सेवाएं प्रभावित हो रही हैं. रामगढ़ जिले के बरकाकाना स्टेशन पर शनिवार सुबह 8 बजे से आंदोलनकारियों का जत्था प्लेटफॉर्म नंबर दो पर धरने पर बैठ गया. इससे पहले कुरमी समुदाय के लोग पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर स्टेशन परिसर में घुस गए. और अपनी मांगों के समर्थन में पटरी पर बैठकर नारेबाजी करने लगे.
रेल परिचालन पर असर
रेल रोको आंदोलन के कारण बरकाकाना-डेहरी ऑन सोन ट्रेन बरकाकाना से नहीं खुल सकी. आंदोलन के चलते 53348 बरवाडी-गोमो सवारी गाड़ी और 53357 बरकाकाना-डेहरी ऑन सोन सवारी गाड़ी को रद्द कर दिया गया. वहीं, 18309 जम्मू तवी-संबलपुर एक्सप्रेस को टोरी से लोहरदगा होते हुए रांची की ओर भेजा गया.
इसके अलावा 13348 पटना-बरकाकाना पलामू एक्सप्रेस को शॉर्ट टर्मिनेट कर टोरी में ही परिचालन बंद करना पड़ा.

रेल रोके जाने से यात्री परेशान
बरकाकाना रेलखंड के भंडारीदह रेलवे स्टेशन में बरकाकाना से आसनसोल जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को सुबह रोक दिए जाने के कारण यात्री परेशान दिखे. लगभग 3:30 घंटे से ट्रेन के यहां खड़े रहने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
रांची- हावड़ा, रांची- पटना रेलखंड स्थित मुरी रेलवे स्टेशन पर भी आंदोलनकारी बड़ी तादाद में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं. जेएलकेएम के नेता देवेंद्रनाथ महतो अपने समर्थकों के साथ आंदेलन करते दिख रहे हैं.
बोकारो में भी दिखा रेल रोको आंदोलन का असर
बोकारो में भी रेल रोको आंदोलन का असर देखने को मिल रहा है. चंद्रपुरा रेलवे स्टेशन पर सैकड़ों की संख्या में आंदोलनकारी रेलवे ट्रैक पर बैठ गए हैं. चंद्रपुरा रेलवे स्टेशन पर सैकड़ों प्रदर्शनकारी रेल पटरियों पर बैठ गए हैं. आरपीएफ ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की, लेकिन उन पर कोई असर नहीं हुआ.
कोल्हान में भीी आंदोलन
कोल्हान प्रमंडल में भी कई स्टेशनों और रेलवे की पटरियों पर कुरमी समाज के लोग आंदोलन कर रहे हैं. जमशेदपुर के निकट गालूडीह स्टेशन के पास बड़ी तादाद में लोग रेलवे पटरी पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं.
