गिरिडीहः झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार स्थित यूको बैंक में हथियारबंद अपराधियों ने गुरुवार को डाका डाला. पांच अपराधी बैंक में घुसे. और हथियार के बल पर लॉकर से लगभग चार करोड़ के जेवरात तथा 12 लाख नकद रुपये लेकर निकल गये.
यह बैंक धनवार बाजार के चमड़ा गोदाम के पास है. बैंक प्रबंधक के अनुसार, अपराधियों ने करीब 20 मिनट तक बैंक में अपराध की घटना को अंजाम देते रहे.
इस दौरान बैंक कर्मियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर रखा. यह बैंक धनवार थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है.
अपराधियों ने डाका के बाद बाहर निकलते ही बैंक के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा दिया गया, जिससे कर्मचारी और ग्राहक अंदर ही फंसे रह गए.
घटना के दौरान बैंक में 20 हजार रुपये जमा करने पहुंचे मो. महताब ने बताया कि अपराधियों ने अंदर आते ही सभी लोगों को हथियार के बल पर काबू कर लिया था. उनसे भी रुपये मांगे गए. विरोध करने पर अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की.
अपराधियों के फरार होने के बाद बैंक के अंदर फंसे लोगों ने शोर मचाकर मदद मांगी. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बैंक के मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर कर्मचारियों और ग्राहकों को बाहर निकाला.
बैंक प्रबंधक के अनुसार, गुरुवार को दोपहर करीब 12:44 बजे पांच अपराधी बैंक के अंदर घुसे. सभी हथियारों से लैस थे। बैंक में प्रवेश करते ही अपराधियों ने बंदूक का भय दिखाकर वहां मौजूद बैंक कर्मियों और ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया.
डाका की खबर मिलने के बाद पुलिस बैंक पहुंची. पुलिस सीसीटीवी के फुटेज खंगाल रही है. आसपास के इलाकों में पुलिस अपराधियों की तलाशी में जुटी है.
