रांचीः रांची के व्यस्ततम कटहल मोड़ इलाके में बुधवार को अपराधियों ने एक सीमेंट व्यवसायी पर अंधाधुंध फायरिंग की. अपराधी बाइक से आए थे. सीमेंट व्यवसायी राधेश्याम को छह गोलियां मारी और फरार हो गए.
घायल व्यवसायी को इलाज के ले अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह घटना कटहल मोड़ स्थित शांभवी इंटरप्राइजेज नामक छड़ और सीमेंट की दुकान के पास हुई.
स्थानीय लोगों के अनुसार, राधेश्याम साहू हर दिन की तरह अपनी दुकान के बाहर खड़े थे, तभी बाइक पर सवार दो अपराधी वहां पहुंचे.
अपराधियों ने बिना कुछ कहे राधेश्याम साहू पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि आपसी विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल व्यवसायी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया और स्थानीय लोगों स पूछताछ की. पुलिस अपराधियों की तलाश में जुट गई है.
बाबूलाल ने सवाल खड़े किए
इस बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था की विफलता का आरोप लगाया है.
उन्होंने कहा कि राजधानी रांची के कटहल मोड़ पर सीमेंट कारोबारी राधेश्याम साहू पर दिनदहाड़े हुई गोलीबारी इस बात का प्रमाण है कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है.
मरांडी ने कहा कि अपराधी खुलेआम तांडव मचा रहे हैं, जबकि पुलिस-प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है. कारोबारियों पर लगातार हो रहे हमलों से व्यावसायिक समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है.
