रांचीः झारखंड की राजधानी रांची के व्यस्त और वीआइपी इलाके कांके रोड स्थित चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय नाग की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा.
इस घटना के विरोध में रविवार की सुबह लोगों ने रांची-पिठोरिया सड़क को जाम कर दिया. कांके रोड में भी लोगों ने हंगामा किया.
हत्या की यह घटना शनिवार देर रात की है. पुलिस जांच में जुटी है. विजय नाग के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
लोगों के आक्रोश को देखते हुए कांके रोड में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया.
इस बीच पुलिस अधिकारियों ने लोगों ने लोगों को समझाने की पूरी कोशिश की. कांके विधायक सुरेंद्र बैठा भी घटना स्थल पर पहुंचे थे.
पुलिस ने कहा है कि रेस्टोरेंट मालिक की हत्या में शामिल अपराधियों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
देर रात कुछ लोग खाना खाने रेस्टोरेंट पहुंचे थे. उन्होंने वेज बिरयानी की मांग की थी, लेकिन किसी रेस्टोरेंट के कर्मचारी की गलती की वजह से उनके पास नॉनवेज बिरयानी चली गई, इस मामले ने इतना तूल पकड़ लिया कि अपराधियों ने रेस्टोरेंट में बैठे विजय की गोली मारकर हत्या कर दी.
इस घटना के बाद कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है. रांची के एसएसपी ने पुलिस की टीम को जांच के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं.
