रांची: पंजाब सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह और राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने शुक्रवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवास में मुलाकात की. दोनों मंत्रियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सिखों के 9वें सिख गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया.
पंजाब सरकार सिखों के गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को योदगार बनाने की तैयारी की है. कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देश भर के गणमान्य हस्तियों को आमंत्रित किया जा रहा है. इसी सिलसिले में पंजाब सरकार के दो मंत्रियों ने सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया.
मुख्यमंत्री को उन्होंने अवगत कराया कि यह आयोजन गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान, समर्पण, त्याग, आदर्श और जनकल्याण के प्रति उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है. इस आयोजन में देशभर के संत महात्माओं सहित विभिन्न राज्यों के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है. इस मौके पर मंत्रियों ने सीएम को स्वर्ण मंदिर की तस्वीर सौंपी. वहीं मुख्यमंत्री ने भी स्मृति चिन्ह भेंट किया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पंजाब सरकार की ओर से मिले आमंत्रण के लिए दोनों मंत्रियों के प्रति धन्यवाद प्रकट किया. साथ ही आयोजन की सफलता के लिए उन्हें अपनी ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दी.
जानकारी के मुताबिक 25 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री सीस गंज साहिब में अरदास के साथ इन कार्यक्रमों की शुरुआत होगी. इस मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, कैबिनेट के सभी मंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारी गुरुद्वारा श्री सीस गंज साहिब में मत्था टेकेंगे25 अक्टूबर की शाम गुरुद्वारा श्री रकाब गंज साहिब में विशाल कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा और गुरु साहिब के जीवन, उपदेशों और दर्शन को लोगों तक पहुंचाने के लिए पूरे महीने भर बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
