बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए जारी मतदान के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जदयू कार्यालय पहुंचे.
नीतीश कुमार के साथ बिहार सरकार में मंत्री विजय चौधरी भी मौजूद थे. सीएम ने इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से बातचीत की और कार्यकर्ताओं का चुनाव में कठिन परिश्रम के लिए आभार जताया.
जदयू की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा गया, “हर कदम विश्वास का, हर कदम विकास का. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना. मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव में सक्रिय सभी साथियों के परिश्रम और समर्पण के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया.”
बिहार सरकार में मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि जदयू कार्यालय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं जायजा लेने के लिए पहुंचे हैं. पार्टी कार्यकर्ताओं से जो सूचना मिल रही है, वो संतोषजनक है. हर क्षेत्र में एनडीए के पक्ष में मतदान हो रहा है, इस चरण में भी उत्साह देखने को मिल रहा है.
वोटिंग जारी
बिहार में मंगलवार की सुबह सात बजे से दूसरे और अंतिम चरण में 20 जिलों के 122 सीटों पर वोटिंग जारी है.
भारत निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, एक बजे तक 47.62 प्रतिशत मतदान किया गया है. इसमें सबसे अधिक किशनगंज में 51.86 फीसदी जबकि मधुबनी में 43.39 प्रतिशत वोट पड़े हैं.
दूसरे चरण में 122 विधानसभा सीटों के 3.7 करोड़ से ज्यादा मतदाता 1302 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे. इस चरण में एनडीए और महागठबंधन के कई दिग्गजों का सियासी भविष्य दांव पर लगा है.
