रांचीः कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी नवंबर के प्रथम सप्ताह में झारखंड दौरे पर आएंगे. यहां वे दो कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे. इन दो कार्यक्रमों के तहत खूंटी में ग्राम प्रधानों के साथ पेसा नियमावली पर संवाद महत्वपूर्ण बताया जा रहा है.
राहुल गांधी का दूसरा कार्यक्रम रांची में होगा. इसमें जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों का प्रशिक्षण तथा उनके परिजनों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी.
इस बैठक में राहुल गांधी पार्टी के जिला अध्यक्षों को संबोधित करेंगे और पार्टी संगठन को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे.
पार्टी के झारखंड प्रभारी के. राजू ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश को इस बाबत जानकारी देते हुए दोनों कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू करने का निर्देश दिया है.
खूंटी में पेसा नियमावली पर होगा संवाद
प्रदेश अध्यक्ष को भेजे पत्र में झारखंड प्रभारी ने कहा है कि राहुल गांधी खूंटी में पांचवीं अनुसूची वाले गांवों के पारंपरिक ग्राम प्रधानों के साथ पेसा (पीईएसए) नियमावली के क्रियान्वयन पर संवाद करेंगे.
इसके लिए पांचवीं अनुसूची क्षेत्र के गांवों के पारंपरिक ग्राम सभा प्रधानों की सूची संबंधित जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के साथ साझा करने को कहा है.
इसके अलावा अक्तूबर में प्रखंड मुख्यालय स्तर पर पारंपरिक ग्रामसभा प्रधानों के लिए पेसा नियमावली पर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करने का निर्देश दिया है. पारंपरिक ग्रामसभा प्रधानों को पहचान पत्र जारी करने के लिए पंचायती राज विभाग से अनुरोध करने को भी कहा है. साथ ही राहुल गांधी की प्रस्तावित बैठक में शामिल होने वाले ग्राम प्रधानों को व्यक्तिगत आमंत्रण पत्र भेजने का निर्देश दिया गया है.
